गया, 12 मार्च 2026: गया में गैस सिलेंडर की किल्लत से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी खबर! जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने आज गैस एजेंसियों के साथ बैठक कर साफ कर दिया कि जिले में LPG गैस की कोई कमी नहीं है। साथ ही, उपभोक्ताओं की सुविधा और शिकायतों के लिए एक नई हेल्पलाइन भी शुरू की गई है।
अब सीधे DM से करें शिकायत!
अगर आपको गैस सिलेंडर मिलने में कोई दिक्कत है या गैस एजेंसी बेवजह परेशान कर रही है, तो अब आप सीधे जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) में शिकायत कर सकते हैं। यह हेल्पलाइन कल, 13 मार्च 2026 से सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक चालू रहेगी। नंबर है: 0631- 2222253। जिला आपूर्ति पदाधिकारी को इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो आपकी समस्या का तुरंत समाधान करवाएंगे।
25 दिनों का अंतराल, पर्याप्त स्टॉक
DM ने बताया कि गया जिले में LPG गैस का पर्याप्त स्टॉक है। शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में 25 दिनों के अंतराल पर गैस डिलीवरी दी जा रही है। उन्होंने साफ किया कि बुकिंग और अगली बुकिंग के बीच 25 दिनों का अंतराल तय है।
जमाखोरी पर पुलिस की नज़र!
जिलाधिकारी ने सभी आम जनता से अपील की है कि बेवजह गैस गोदामों या डिस्ट्रीब्यूटर के ऑफिस पर भीड़ न लगाएं और न ही दबाव बनाएं। उन्होंने नगर पुलिस अधीक्षक के माध्यम से सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि ऐसी किसी भी स्थिति को तुरंत रोकें और यह सुनिश्चित करें कि कोई जमाखोरी या कालाबाजारी न हो।
गया में 67 गैस डिस्ट्रीब्यूटर, लाखों ग्राहक
आपको बता दें कि गया जिले में BPCL, HPCL और IOCL तीनों कंपनियों के कुल 67 LPG गैस डिस्ट्रीब्यूटर हैं और 7,90,941 घरेलू LPG ग्राहक हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि “फर्स्ट कम फर्स्ट आउट” के आधार पर गैस का वितरण किया जाएगा, यानी जिसने पहले आवेदन किया है, उसे पहले गैस मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, सहायक समाहर्ता, अपर ज़िला दंडाधिकारी सहित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन गैस के वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।












