गया (बिहार): 16 मार्च, 2026
बिहार के गया जिले के आंती थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साला गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना आंती थाना अंतर्गत खटनही पोखर के पास करमाइन मोड़ पर घटित हुई।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र का निवासी राकेश कुमार अपने साले करण कुमार के साथ मोटरसाइकिल से ससुराल जा रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने लापरवाही और तेज गति से चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए राकेश को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान डॉक्टरों ने राकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल करण कुमार का उपचार जारी है। मृतक के भाई विकास कुमार के बयान पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने इस संबंध में कांड संख्या 33/26 दर्ज की है। आंती थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।












