गया | 19 मार्च, 2026
गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाईलैंड से आई एक फ्लाइट से उतरे चार यात्रियों के पास से भारी मात्रा में ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ बरामद किया गया है। जप्त किए गए इस मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत ₹25 करोड़ से अधिक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाईलैंड के डॉन मुआंग एयरपोर्ट से आई थाई एयर एशिया की फ्लाइट से पहुंचे इन यात्रियों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर अधिकारियों ने उन्हें जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद पांच अलग-अलग बैगों से अत्याधुनिक तरीके से उगाया गया उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक कैनाबिस बरामद हुआ।
कस्टम विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चारों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां पकड़े गए संदिग्धों से गहन पूछताछ कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह मामला किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसके तार कई देशों तक फैले होने की आशंका है।
गौरतलब है कि गया एयरपोर्ट पर इस वर्ष तस्करी के विरुद्ध यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले जनवरी में भी चार लोग पकड़े गए थे और 14 मार्च को एक लावारिस बैग से करीब ₹1 करोड़ का गांजा बरामद किया गया था। फिलहाल, पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे गिरोह का पता लगाने के लिए मामले की विस्तृत जांच कर रही हैं।











