वर्मा गांव में पत्नी से मारपीट की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, अलमारी से बरामद हुआ देसी कट्टा
गया | 18 मार्च, 2026
गया जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुआ थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध देसी कट्टे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 17 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम वर्मा में एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही गुरुआ थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मृत्युंजय कुमार (पिता: बालमुकुंद पाण्डेय), निवासी ग्राम वर्मा, थाना गुरुआ के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर की अलमारी से एक सफेद झोले में छिपाकर रखा गया 01 देसी कट्टा और 01 जिंदा कारतूस बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में गुरुआ थाना कांड संख्या 91/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और किसी गिरोह से संलिप्तता की जांच कर रही है।











