शराब के नशे में प्रताड़ित करने और मोबाइल छीनने का मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
गया (बिहार) | 17 मार्च, 2026
बिहार के गया जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। टिकारी थाना क्षेत्र की विवेकानंद कॉलोनी में रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता, जो एक निजी स्कूल में शिक्षिका है, ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसका पति अमृत राज कोई काम नहीं करता और अक्सर शराब के नशे में रहता है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़िता का आरोप है कि उसका पति न केवल उसके साथ मारपीट करता है, बल्कि शराब के नशे में अन्य लोगों को बुलाकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए अवैध दबाव भी डालता है। विरोध करने पर आरोपी पति का कहना होता है कि वह उसे कमा कर देने के लिए ब्याह कर लाया है। पीड़िता ने बताया कि पूर्व में भी टिकारी और परैया थाना क्षेत्र में उसे प्रताड़ित किया गया था।
ताजा घटनाक्रम के मुताबिक, आरोपी ने 15 मार्च की रात पीड़िता की मामी के घर पहुंचकर दोबारा मारपीट की और उसका मोबाइल भी छीन लिया। किसी तरह डायल 112 की मदद से पीड़िता महिला थाना पहुंची। महिला थाना पुलिस ने कांड संख्या 22/26 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धाराओं 115(2), 85 और 3(5) के तहत मामला पंजीकृत किया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और एएसआई नीलू कुमारी को इस केस की जांच सौंपी गई है。












