दहेज के लिए प्रताड़ित करने और पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी रचाने का है आरोप
गया, 15 मार्च 2026: बिहार के गया जिले की मोहनपुर थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के एक पुराने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में वांछित अपराधियों और फरार अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है।
क्या है पूरा मामला? पुलिस प्रेस विज्ञप्ति और दर्ज एफआईआर के अनुसार, वादिनी ने 20 जुलाई 2024 को अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ लिखित आवेदन दिया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शादी के कुछ वर्षों बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उन्हें निरंतर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया था कि उनके पति ने पहली पत्नी के रहते हुए बिना जानकारी के दूसरी शादी कर ली है।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी इस मामले में मोहनपुर थाना कांड संख्या 169/24 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना और विशेष छापेमारी के दौरान इस कांड के मुख्य आरोपी कामेश्वर यादव (निवासी रघुनाथपुर, थाना मोहनपुर) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के बाद अब आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
जांच जारी मोहनपुर थाना पुलिस के अनुसार, इस मामले में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध और महिला उत्पीड़न के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।












