गया, 13 मार्च 2026:
बिहार के गया जिले अंतर्गत अलीपुर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपने ही पुत्र के खिलाफ शराब पीकर हंगामा करने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रेस विज्ञप्ति और दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, ग्राम रसलपुर निवासी रमेश शर्मा ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनका पुत्र नवीन कुमार (35 वर्ष) शराब के नशे में घर के सदस्यों के साथ गाली-गलौज और हंगामा कर रहा था। सूचना मिलते ही अलीपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक, मेडिकल जांच के दौरान आरोपी के शरीर में अल्कोहल की पुष्टि 156.6 mg/100ml पाई गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में अलीपुर थाना में कांड संख्या 33/26 दर्ज की गई है।
प्राथमिकी के अनुसार, यह मामला बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद (संशोधन) अधिनियम-2022 की धारा 37 के तहत दर्ज किया गया है। वर्तमान में पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।












